एसएसपी इलेवन से हारने के बाद पत्रकार एकादश की‌ शानदार वापसी, प्राधिकरण की टीम को रोमांचक मुकाबले में हराया

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सीएनजी मैदान में शनिवार को पत्रकार एकादश ने रोमांचक मुकाबले में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान की अगुवाई में खेल रही जिला विकास प्राधिकरण की टीम को दो विकेट से पराजित किया। सद्भावना मैच में टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्राधिकरण नैनीताल की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पत्रकार 11 के गेंदबाज अंकित शाह ने पहला ही ओवर मेडन डालकर दबाव बना दिया। शुरुआती झटकों के बावजूद सूरज ने जिम्मेदारी भरी 54 रनों की पारी खेली और टीम को संभालने का प्रयास किया। शिवम ने 21 रन जोड़े, जबकि सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने 10 रनों का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके और पूरी टीम 146 रनों पर ऑलआउट हो गई। पत्रकार 11 की ओर से गेंदबाजी में कमल जगाती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। अंकित शाह और दिनेश पांडेय ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि तारा जोशी और जीवन ने 1-1 सफलता प्राप्त की। पत्रकार 11 की ओर से पत्रकार योगेश शर्मा ने शानदार फील्डिंग की। साथ ही कमेंट्री से खिलाडियों में जोश भरने का काम किया। 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार 11 की शुरुआत आक्रामक रही। जीवन राज ने 18 रन बनाते हुए लगातार दो गेंदों पर दो छक्के जड़कर माहौल बना दिया। कमल जगाती (14), अंकित साह (13) और दिनेश पांडेय (12) ने उपयोगी पारियां खेलीं। अंकित और कमला जागती ने 27 रनो की साझेदारी की। अंत में संतोष जोशी ने धैर्य और संयम के साथ 30 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलते हुए टीम को जीत की दहलीज पार कराई। आखिरी ओवरों तक चले इस मुकाबले में पत्रकार 11 ने साहस और संयम का परिचय देते हुए यादगार जीत दर्ज की। पत्रकारों की टीम लगातार एसएसपी इलेवन से दो मैच हारने के बाद आज 14 फरवरी को शानदार जीत दर्ज कर सबका दिल जीत लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *