समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड

हल्द्वानी। गौजाजाली उत्तर बरेली रोड स्थित दून कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल* ने नवाचार के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्णा जोशी ने बताया कि उनके विद्यालय के *अटल टिंकरिंग लैब (ATL) प्रभारी श्री कन्नू दरमवाल* द्वारा लिखे गए शोधपत्र को *सीबीएसई राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन* में देश भर से प्राप्त हजारों प्रविष्टियों में से *शीर्ष 50* में चयनित किया गया है। यह शोधपत्र *”स्कूल से कामकाज की दुनिया तक संक्रमण”* विषय पर आधारित है। इसमें ATL के माध्यम से विद्यार्थियों द्वारा विकसित किए गए तीन प्रमुख नवाचारों – कक्षा में सहभागिता बढ़ाने के लिए *”Question Zen Band,”* पशुधन प्रबंधन के लिए *”Cattle Care”* और कोहरे से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए *”Fog Guard”* का विस्तृत उल्लेख किया गया है। शोध पत्र में बताया गया है कि किस प्रकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, IoT, 3D डिजाइन और उद्यमिता जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का स्कूल स्तर पर प्रयोग छात्रों में रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और समस्या-समाधान के कौशल को विकसित करता है। साथ ही विद्यालय की *FIRST Tech Challenge* जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी और राज्य स्तरीय मंचों पर प्रोजेक्ट प्रस्तुति का भी जिक्र है। शोध में सुझाव दिया गया है कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूल भी इस नवाचार मॉडल को अपनाकर उद्योगों के साथ साझेदारी कर सकते हैं, छात्र स्टार्टअप को बढ़ावा दे सकते हैं और पूर्व छात्रों को मेंटर के रूप में जोड़ सकते हैं। प्रधानाचार्य कृष्णा जोशी ने बताया कि इस चयन से विद्यालय के ATL कार्यक्रम को राष्ट्रीय पहचान मिली है और यह अन्य छात्रों को भी नवाचार के लिए प्रेरित करेगा।
