समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
पर्यटन नगरी नैनीताल के ऐतिहासिक डीएसए मैदान में गुरुवार को 16 वीं ऑल इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ कुमाऊं मंडल आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने किया।
उन्होंने फीता काटकर तथा हॉकी स्टिक से गेंद पर शॉट लगाकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों एवं स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व तल्लीताल रोडवेज स्टेशन से डीएसए मैदान तक एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में नैनीताल का गौरव बढ़ाने वाले ओलंपियन राजेंद्र रावत तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नरेंद्र बिष्ट और ललित शाह को विशेष रूप से सुसज्जित वाहन में सम्मानपूर्वक लाया गया। माल रोड से गुजरती इस आकर्षक शोभायात्रा का नागरिकों ने जगह-जगह स्वागत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। शोभायात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, पुलिस बैंड, पारंपरिक छोलिया नृत्य दल, महिला समूहों एवं सांस्कृतिक टीमों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। रंग-बिरंगी झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे नगर को खेल एवं उत्सव के वातावरण में सराबोर कर दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना के विकास का सशक्त मंच हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा बड़े मंचों तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन समारोह के अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं एवं सांस्कृतिक दलों,छोलिया दल द्वारा रंगारंग प्रस्तुति दी। इस अवसर पर सभी खिलाड़ियों व आगन्तुकों का स्वागत करते हुए डीएसए महासचिव मनोज जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता के 16 वें संस्करण में देश के विभिन्न राज्यों से 49 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य हॉकी खेल को प्रोत्साहित करना तथा युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला रुद्रपुर और आगरा की टीमों के मध्य खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, दर्जा मंत्री दिनेश आर्या, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, डीएसए उपाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट, हॉकी सचिव चंद्र लाल शाह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खेल पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।



