समाचार शगुन उत्तराखंड
पिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी मेले में हुए विवाद के बाद पुलिस ने विधायक हरीश धामी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित छह के खिलाफ दंगा करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बीते 14 नवंबर शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले का शुभारंभ करने पहुंचे। सीएम के संबोधन के बाद अचानक माइक बंद होने से भड़के क्षेत्रीय विधायक हरीश धामी और उनके समर्थकों ने मंच पर तोड़फोड़ शुरू कर दी ।विधायक सहित उनके समर्थकों ने माइक, कुर्सी, माइक स्टैंड सहित अन्य सामान तोड़ डाला। इससे वहां अफरातफरी मच गई। पुलिस भी पूरी तरह हंगामा नहीं रोक पाई। आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने पुलिस कर्मियों से अभद्रता की। ऐसे में जौलजीबी के थानाध्यक्ष ने इस मामले में विधायक हरीश धामी और उनके समर्थक डीडीहाट के कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विक्रम दानू, राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह सहित अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, दंगा करने, लोकसेवक के साथ अभद्रता करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।











