समाचार शगुन कुमाऊं डेस्क
कुमाऊं के दूरस्थ धारचूला और मुनस्यारी तहसील के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में रविवार 15 नवंबर को शीतकाल का पहला हिमपात हुआ। निचली घाटियों में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि हुई। हिमपात से जहां आदि कैलाश, ओम पर्वत और पंचाचूली दर्शन को आए सैलानियों के चेहरे खिल उठे, यहां एक फिट से अधिक बर्फ पड़ी है। वहीं ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। हिमपात, बारिश और ओलावृष्टि से जनपद में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। जिला मुख्यालय सहित कई इलाकों में भी पूर्वाह्न में बारिश की हल्की फुहारें पड़ी और दिन भर बादल छाए रहे। पिछले कुछ दिनों से लगातार धूप के बाद रविवार सुबह सीमांत जनपद में मौसम एकाएक बदला। उधर मुनस्यारी के खलिया टॉप, हंसलिंग, नागनीधूरा, छिपलाकेदार, पंचाचुली की चोटियों और मल्ला जोहार क्षेत्र में भी रविवार सुबह हिमपात हुआ। हालांकि इस वर्ष उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सितंबर-अक्टूबर में लगभग छ्ह बार हिमपात हो चुका है। नवंबर में शीतकाल शुरू होते ही दारमा और व्यास घाटी के काफी ग्रामीण निचली घाटियों में लौट आए हैं। होम स्टे संचालक सौरव दताल, जमन दताल और पानू दताल ने बताया कि रविवार सुबह पांच बजे से दारमा घाटी के ग्राम दांतू और अन्य गांवों में हिमपात और रुक रुक बारिश होने से ठंड काफी बढ़ गई है।











