शराब पिलाकर रिसोर्ट में युवती से दुष्कर्म के मामले में दो गिरफ्तार

समाचार शगुन उत्तराखंड 

नैनीताल जिले के रामनगर में सांवल्दे स्थित रिसॉर्ट में दिल्ली की कंपनी की कॉरपोरेट आउटिंग पर आए ग्रुप में युवती के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया था। मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ बीएनएस 62 और 64 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। दिल्ली निवासी युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह दिल्ली स्थित यूकॉन्सेप्ट्स । सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत है। कंपनी के दस वर्ष पूरे होने पर 24 और 25 अक्टूबर को रामनगर स्थित जंगल ट्रेल रिसॉर्ट में कॉर्पोरेट आउटिंग आयोजित की गई थी। 24 अक्तूबर की रात उसे कमरा नंबर 311 में बुलाकर शराब पिलाई गई। इसके बाद चंद्रगुप्त सोसाइटी पुणे निवासी शुभम भाटला (24) ने उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने दूसरे सहकर्मी दिल्ली निवासी सौरभ ठाकुर (28) पर भी दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेशकश जेल भेज दिया गया है।