समाचार शगुन उत्तराखंड
कुमाऊं में पुलिस और एसओजी की टीम ने स्मैक के साथ सैनिक की पत्नी और युवक को गिरफ्तार किया है। पिथौरागढ़ में पुलिस टीम ने 40.78 ग्राम स्मैक के साथ दोनों को गिरफ्तार किया है। महिला अपने चार साल के मासूम बच्चे के छोड़कर बचपन के साथी के साथ स्मैक तस्करी में शामिल हो गई। दोनों लंबे समय से मैदानी क्षेत्रों में जाकर एक साथ होटल में ठहरते थे और स्मैक खरीदने और बेचने का काम करते थे।मुखबिर की सूचना पर टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर घाट चौकी के पास चेकिंग अभियान चलाया। टीम को पुख्ता जानकारी थी कि एक युवक और महिला एक कार में मैदानी क्षेत्र से बड़ी मात्रा में स्मैक खरीदकर पिथौरागढ़ ला रहे हैं। चौकी के पास कार को रोका तो चालक उतरकर भागने लगा। टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी ली तो कार में महिला सवार थी और डैश बोर्ड में 40.78 ग्राम स्मैक मिली। युवक की पहचान पिथौरागढ़ के पूल्ड आवास, टकाना निवासी 31 वर्षीय हिमांशु जोशी उर्फ हेम और मदली तल्ली, चंपावत निवासी 35 वर्षीय ज्योत्सना खाती उर्फ ज्योति के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों यूएसनगर के झनकट से स्मैक खरीदकर ला रहे थे। खुद उपयोग करने के साथ ही वे इसे युवाओं को ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
