समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
विश्व हिंदू परिषद, जिला नैनीताल के अंतर्गत हल्द्वानी प्रखंड में विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन हल्द्वानी स्थित एम.बी. पी.जी. डिग्री कॉलेज के लाल बहादुर शास्त्री सभागार में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मुकेश पाल उपस्थित रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मुकेश खांडेकर का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात आचार पद्धति के उपरांत जिला अध्यक्ष श्री कृष्णा जोशी जी द्वारा कार्यक्रम की विस्तृत प्रस्तावना रखते हुए कार्यक्रम का उद्देश्य स्पष्ट किया गया। मुख्य वक्ता मुकेश खांडेकर ने धर्म का अर्थ सरल भाषा में समझाते हुए कहा कि धर्म का सीधा-सीधा अर्थ भारत वर्ष है। क्योंकि भारत वर्ष में हमेशा से संस्कार, विचार, सभ्यता और मूल्यों का सम्मान किया गया है और ये सभी मानबिंदु धर्म से ही जुड़ते हैं। अर्थात विश्व को धर्म का पाठ पढ़ाने वाला भारत वर्ष ही है। उन्होंने कहा कि विश्व के उत्थान के लिए भारत का उत्थान और धर्म का उत्थान अत्यंत आवश्यक है। सन् 1947 में हमारा देश स्वाधीन तो हुआ था, लेकिन हम अभी भी स्वतंत्र नहीं हुए हैं। स्वतंत्रता को प्राप्त करने के लिए धर्म के उत्थान और मूल्यों की स्थापना की आवश्यकता है। मुख्य वक्ता ने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना से लेकर वर्तमान तक के विस्तार के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में विश्व हिंदू परिषद लगभग 34 देशों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है तथा 80 से अधिक देशों में संपर्क के माध्यम से कार्य कर रहा है। संगठन द्वारा अपने विभिन्न आयामों के माध्यम से लगभग 6000 से अधिक सेवा प्रकल्प चलाए जा रहे हैं। अपने विभिन्न आयामों के माध्यम से संगठन परिवार में नैतिक मूल्यों का पुनरुत्थान, सामाजिक समरसता, सेवा तथा युवा एवं युवतियों को देशभक्त और समर्थ नागरिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने ‘हिंदू’ की भावना को विस्तार से बताते हुए कहा कि हिंदू में कभी भी जाति-भेद और असमानता का भाव नहीं होता, हम सामाजिक समरसता की बात करते हैं। धर्म का मतलब कर्तव्य है और कर्तव्य एक स्थाई भाव है। कार्यक्रम अध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मुकेश पाल ने बताया कि एक अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी होने के नाते वे विश्व भर के विभिन्न देशों में जाते हैं और उनका अपना अनुभव रहा है कि उन्हें कई देशों में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मिलते हैं और उनका स्वागत भी होता है। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद का युवाओं को जागृत करने का कार्य अत्यंत प्रशंसनीय है। साथ ही उन्होंने मंच से सभी युवाओं को नशे से दूर रहकर देश सेवा करने और एक अच्छा एवं स्वस्थ नागरिक बनने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में 350 से अधिक व्यक्तियों ने भाग लिया, जिसमें डॉक्टर, शिक्षक, उद्योगपति, वकील, महिलाएं, विद्यार्थी सहित अन्य सभी वर्गों के सनातनियों ने मुख्य वक्ता को सुना। कार्यक्रम का संचालन हल्द्वानी प्रखंड मंत्री विपिन बहुगुणा जी के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में हल्द्वानी प्रखंड अध्यक्ष मोहन जोशी जी ने सभी का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में प्रांत सह मंत्री तथा नैनीताल विभाग पालक जगदीश पांडेय, प्रांत सह कोषाध्यक्ष सुरेंद्र भुटियानी,प्रांत संयोजिका दुर्गा वाहिनी पूजा लटवाल, विमर्श प्रमुख कुमाऊँ एडवोकेट बसंत जोशी, जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट दीप जोशी, जिला संयोजिका मातृ शक्ति ममता रावत, जिला प्रमुख धर्म प्रसार निया ठाकुर, नेहा जोशी, प्रखंड सह मंत्री दीपक पांडे, प्रखंड संयोजक सोनू बेलवाल, अंकित चतुर्वेदी सहित प्रांत, जिले एवं प्रखंड के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
