राज्यमंत्री ने अधिकारियों को दी चेतावनी, काम नहीं करना तो इंटीरियर में जाएं, देखें वीडियो

समाचार शगुन उत्तराखंड 

नैनीताल में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के कामकाज में लापरवाही और अधिकारियों की मनमानी अब बर्दाश्त नहीं होगी। यह चेतावनी  शुक्रवार को आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री भावना मेहरा ने प्राधिकरण सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो अधिकारी लापरवाही है वो इंटीरियर में चले जाएं। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों की गैरहाजिरी पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और मौके से ही फोन करवाकर उन्हें फटकार लगाई। राज्यमंत्री ने साफ कहा कि प्राधिकरण का काम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान करना और व्यवस्थित निर्माण को बढ़ावा देना है। इसके बावजूद लोगों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ें, यह स्थिति स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा आमजन के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान शिथिलता मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए। साथ ही अधिकारियों को केवल कार्यालयों में बैठकर रिपोर्ट लेने के बजाय मौके पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण करने को कहा। बैठक में संजय वर्मा, नितिन कार्की, मनोज भट्ट, मनोज जोशी समेत अन्य जनप्रतिनिधि और नगर निगम, जिला पंचायत, नगरपालिका, पर्यटन, विद्युत, उरेडा एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।