उत्तराखंड में लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे 35 डाक्टर बर्खास्त, इनमें ऊधमसिंह नगर जिले के सबसे अधिक

ख़बर शेयर करें
समाचार शगुन, हल्द्वानी उत्तराखंड
उत्तराखंड स्वास्थ्य महानिदेशालय ने लंबे समय से विभिन्न अस्पतालों से गायब चल रहे डॉक्टरों को बर्खास्त कर दिया है। इनमें ऊधमसिंह नगर जिले के 12 डॉक्टर शामिल हैं। साथ ही सात डॉक्टरों को ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर अंतिम नोटिस दिया गया है। प्रदेश भर में 35 डॉक्टरों को बर्खास्त किया गया है, इसमें सबसे ज्यादा डॉक्टर ऊधमसिंह नगर के हैं। स्वास्थ्य महानिदेशालय ने इस संबंध में नौ फरवरी को आदेश जारी किए थे। ऊधमसिंह नगर जिले से बर्खास्त किए गए डॉक्टर पिछले दो साल से अधिक समय से अनुपस्थित चल रहे थे। ये डॉक्टर नियुक्ति मिलने के पश्चात कुछ ही महीनों तक अस्पतालों में अपनी सेवाएं देकर बिना बताए ही चले गए। जबकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन डॉक्टरों को तीन बार कारण बताओ नोटिस भी दिया गया, लेकिन इन्होंने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद शासन ने इनके खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की है। पूरे प्रदेश में ऐसे 35 डॉक्टर बर्खास्त किए गए हैं। इसमें ऊधमसिंह नगर के तैनात सबसे अधिक 12 चिकित्सक हैं। इसी तरह नैनीताल, हरिद्वार, देहरादून व पिथौरागढ़ के तीन-तीन, चम्पावत, पौड़ी व बागेश्वर के दो-दो, रुद्रप्रयाग का एक, उत्तरकाशी का एक, चमोली का एक, टिहरी गढ़वाल के दो डॉक्टर शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *