कुमाऊं के इस जिले में लापता शिक्षक का शव गधेरे में मिला

ख़बर शेयर करें
समाचार शगुन उत्तराखंड 
अल्मोड़ा जिले में तीन दिन पहले लापता हुए शिक्षक का शव बरामद कर लिया गया है। पिथौरागढ़ रोड स्थित मकड़ाऊ से अल्मोड़ा की तरफ स्कूटी से चले ​शिक्षक रास्ते से लापता  हो गए थे। घंटों से चले सर्च अभियान के बाद आज मंगलवार को शिक्षक का शव मय स्कूटी समेत आरतोला के पास गधेरे में मिला। प्रथम दृष्टया मौत की वजह भारी बारिश के चलते उफनाए गधेरे में स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होना मानी जा रही है। बीती 13 सितंबर को धारानौला अल्मोड़ा निवासी शिक्षक संजय कुमार टम्टा (35 वर्ष) पुत्र खीम राम टम्टा दन्या थानांतर्गत अपने तैनाती स्थल मकड़ाऊ से स्कूटी संख्या यूके 01 डी 2735 से अल्मोड़ा को निकले थे, परंतु घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पता लगाया किंतु जब कहीं पता नहीं चला, तो उन्होंने 15 सितंबर को थाना दन्या में गुमशुदगी दर्ज कराई। थानाध्यक्ष दन्या जसविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुमशुदा शिक्षक के परिजनों को साथ लेकर आज मकड़ाऊ से पनुवानौला तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इतना पता लगा कि गुमशुदा शिक्षक 13 सितंबर को दोपहर 11:45 बजे स्कूटी से ईको ग्रीन विलेज रिजॉर्ट आरतोला के सामने से गुजरते देखे गए ​थे। पुलिस टीम ने उनकी तलाश लगातार जारी रखी। करीब 20 घंटे तक मकडा़ऊ से पनुवानौला के बीच 30 किलोमीटर सर्च अभियान चलाया। इस सर्च अभियान के दौरान आज गुमशुदा शिक्षक संजय कुमार का शव आरतोला के निकट सड़क से करीब 300 मीटर नीचे खसपड़ गधेरे में स्कूटी समेत मिला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से रेस्क्यू कर रस्सियों व स्ट्रेचर के सहारे शव को निकाला। जिस जगह शव व स्कूटी पड़ी थी, वहां एक बड़ा पेड़ भी गिरा था, शव पत्थरों व पेड़ के बीच फंसा मिला। पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा मोर्चरी भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *