समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
नैनीताल जिले के हल्द्वानी के मुखानी कोतवाली क्षेत्र के कुसुमखेड़ा में ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कुसुमखेड़ा चौराहे के पास बीते शनिवार एक व्यक्ति को बातों में उलझाकर उसके हाथ से सोने की अंगूठी निकालकर आरोपित फरार हो गया। पीड़ित महेश चंद्र तिवारी निवासी कुसुमखेड़ा के अनुसार, एक व्यक्ति उनके पास आया और ‘अंकल नमस्ते’ कहकर बातचीत शुरू की। आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक ने उन्हें अपनी बातों में उलझाए रखा। इसी दौरान उसने महेश चंद्र तिवारी के हाथ से सोने की अंगूठी निकाल ली और वहां से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब पीड़ित ने अपने हाथ की ओर देखा तो अंगूठी गायब थी। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मुखानी एसओ के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
