समाचार शगुन उत्तराखंड
ऊधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर की एलायंस कॉलोनी गेट के पास स्कूटी को स्कॉर्पियो से टक्कर मारने और मारपीट के मामले में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी सन्नी चुघ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को गंगापुर रोड से पकड़ा। उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार सात अगस्त की रात अभिषेक और जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड से घर लौट रहे थे। एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर पीछे से आई स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक और निष्कासित भाजपा नेता पारस चुघ के भाई सन्नी चुघ ने वाहन से उतरकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए दोनों से मारपीट की और फोन कर अन्य साथियों को भी मौके पर बुलाया। आठ अगस्त को अभिषेक के भाई अंकित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की थी। हंगामे के बाद मंगलवार को मुख्य आरोपी सन्नी चुघ निवासी भूरारानी, को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
