हल्द्वानी कोतवाली के पास कंपनी कर्मचारी पर चाकू से हमला कर चार लाख रुपए लूट ले गये बदमाश

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 
नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बदमाशों ने कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर डिजिटल मार्केटिंग कर्मी पर चाकू से हमला कर चार लाख रुपए से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। राहगीरों ने घायल को एसटीएच में भर्ती कराया। 24 घंटे बाद भी पुलिस बदमाशों को गिरफ्तार नहीं कर पाई। जानकारी के अनुसार, पौड़ी निवासी डिजिटल मार्केटिंग कर्मी विकास देहरादून में नौकरी करते हैं। बीती तीन अक्टूबर शनिवार रात वह देहरादून से चले और रविवार तड़के चार बजे हल्द्वानी रोडवेज बस अड्डे पर पहुंच गए। राहगीरों के अनुसार, बस से उतरते ही एक अज्ञात व्यक्ति ने विकास के पीछे लग गया और पैसे मांगने लगा। विकास ने मना किया तो उसने चाकू निकालकर उनके पेट में घोंप दिया जिससे वह लहूलुहान हो गए और उनके हाथ से बैग छूट गया। आरोपी बैग लूटकर भाग गया। पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही हैं।