समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड

हल्द्वानी। दि आनंदा एकेडमी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर विविध रंगारंग एवं देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक श्री भूपेंद्र सिंह बिष्ट, प्रबंधिका श्रीमती दीक्षा बिष्ट एवं प्रधानाचार्या श्रीमती माया बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर किंडर गार्डन के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए मनमोहक सांस्कृतिक एवं देशभक्ति प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के गीत, नृत्य एवं विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्नों की आकर्षक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के जीवन, सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश को विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया। देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, एकता, भाईचारे एवं स्वच्छता का संदेश दिया।विद्यालय के प्रबंधक भूपेंद्र सिंह बिष्ट ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रबंधिका श्रीमती दीक्षा बिष्ट ने बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्या श्रीमती माया बिष्ट ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन, स्वच्छता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत किया। इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्या श्रीमती सुष्मिता बगडवाल विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
