समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड

प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी दीपक सिंह एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी गौला अनिल कुमार जोशी के निर्देशन में वन अपराधों की रोकथाम एवं आरक्षित वन क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग गौला रेंज की टीम ने बुधवार, 2 सितंबर 2026 को देवलतल्ला बागजाला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1.40 कुंतल चंदन प्रजाति की लकड़ी बरामद की। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 02-09-2026 को लगभग सायं 6:30 बजे वन विभाग को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि आरक्षित वन क्षेत्र देवलतल्ला बागजाला में कुछ व्यक्तियों के घरों में अवैध रूप से चंदन प्रजाति की लकड़ी रखी गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए गौला रेंज की टीम तत्काल बताए गए स्थान के लिए रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र में गहन खोजबीन एवं जांच की। इस दौरान साहिद निवासी बजरियसा शेखना कन्नौज तथा अनीस, सेहरपुर पीलीभीत हाल निवासी देवलतल्ला आरक्षित वन क्षेत्र बागजाला के घरों से लगभग 1.40 कुंतल चंदन प्रजाति की लकड़ी बरामद की गई। वन विभाग द्वारा बरामद लकड़ी को नियमानुसार कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वन अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
