समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
नैनीताल जिले के हल्द्वानी नगर निगम की हमारा हल्द्वानी रील प्रतियोगिता–2026’ का परिणाम मंगलवार को घोषित किया गया। प्रथम पुरस्कार दीप चन्द्र भट्ट ने जीता, उन्हें 51 हजार का नगद इनाम दिया गया। जबकि द्वितीय पुरस्कार हेमन्त सिंह बिष्ट को 31 हजार और तृतीय पुरस्कार विजेता मो. आसिम मिकरानी को 21 हजार के इनाम से सम्मानित किया गया है। प्रतियोगिता में शहर के युवाओं एवं सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य हल्द्वानी की प्रतिभाओं, रचनात्मकता और शहर की खूबसूरती को डिजिटल मंच पर नई पहचान दिलाना है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं एवं सोशल मीडिया क्रिएटर्स को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने अपनी रील्स के माध्यम से हल्द्वानी की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों, स्थानीय खानपान, व्यापार, कला-संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज शहर की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। इस पहल के माध्यम से हल्द्वानी की सकारात्मक छवि को व्यापक स्तर पर स्थापित करने के साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया है। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 183 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों की रील्स का मूल्यांकन करने के उपरांत विजेताओं का चयन किया गया। इस मौके पर पूर्व महापौर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट आदि मौजूद रहे।
