समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
राज्य सरकार द्वारा युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रोजगार बाजार के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से उत्तराखंड कौशल विकास समिति (UKSDS) के माध्यम से विभिन्न अभिनव योजनाओं एवं कार्यक्रमों का सफल संचालन किया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण प्रदान करना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड ने कौशल विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया है। कौशल प्रशिक्षण से हजारों युवाओं को मिला रोजगार का अवसर*
वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 के दौरान राज्य एवं केंद्र सरकार के कौशल विकास योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस अवधि में कुल 87198 युवाओं का नामांकन किया गया, जिनमें से 70260 युवाओं ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर प्रमाणन प्राप्त किया, जबकि 18154 युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा गया।
ये उपलब्धियां दर्शाती हैं कि राज्य सरकार युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य कर रही है।
जापानी भाषा प्रशिक्षण: वैश्विक रोजगार की नई उड़ान।
राज्य सरकार द्वारा युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से *मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना* के तहत जापानी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस अभिनव पहल के अंतर्गत युवाओं को जापानी भाषा एवं संस्कृति का प्रशिक्षण देकर जापान सहित अन्य देशों में रोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है।
01 जुलाई 2023 से प्रारंभ इस कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक 376 युवाओं एवं युवतियों का पंजीकरण किया जा चुका है।
कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक कुल 65 युवक युवतियों को जापान में रोजगार हेतु विभिन्न सेक्टरों में सफलतापूर्वक सेवायोजित किया गया है। वर्तमान में 14 अभ्यर्थियों द्वारा जर्मन भाषा प्रशिक्षण पास कर लिया गया, जल्द ही वो भी रोजगार से जुड़ेंगे। राज्य सरकार द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यर्थियों को विदेशी भाषा प्रशिक्षण शुल्क पर 20 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही प्रशिक्षण अवधि के दौरान युवक युवतियों को ₹220 प्रतिदिन के हिसाब से रहने तथा खाने का दिया जाता है, जिससे अधिक से अधिक युवा इस योजना का लाभ उठा सकें।
इसके साथ ही योजना के तहत 30 युवकों को सऊदी अरब में भी रोजगार मिला है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी इस योजना का विस्तार करते हुए अधिकाधिक युवाओं को जर्मन तथा जापानी भाषा का प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें वैश्विक रोजगार के अवसरों से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
*इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2025-26 में उत्तराखंड का उत्कृष्ट प्रदर्शन*
राज्य सरकार के मार्गदर्शन में उत्तराखंड कौशल विकास समिति द्वारा इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2025-26 का जिला, राज्य, उत्तर क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर सफल आयोजन किया गया।
जिला/जोनल प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 12 सितम्बर 2025 के मध्य हल्द्वानी एवं देहरादून में किया गया, जिसमें 29 विभिन्न कौशलों में कुल 83 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इसके बाद आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 83 प्रतिभागियों में से 65 प्रतिभागियों का चयन किया गया। साथ ही Industrial Design Technology (Track-2) के अंतर्गत 2 अतिरिक्त प्रतिभागियों का चयन किया गया। इस प्रकार राज्य से 27 विभिन्न कौशलों में कुल 40 प्रतिभागियों ने North Regional India Skills Competition 2025-26 के लिए क्वालीफाई किया।
उत्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 स्वर्ण, 4 रजत एवं 3 कांस्य पदक अर्जित किए। इसके अतिरिक्त 8 प्रतिभागियों को Medallion for Excellence से सम्मानित किया गया।
नेशनल इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2025-26, जो 27 मार्च से 03 अप्रैल 2026 के मध्य भुवनेश्वर एवं ग्रेटर नोएडा में आयोजित हुई, उसमें उत्तराखंड से 14 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। राज्य के प्रतिभागियों ने 5 विभिन्न कौशलों में 2 स्वर्ण, 1 रजत एवं 2 कांस्य पदक अर्जित किए। साथ ही 2 प्रतिभागियों को Medallion for Excellence से सम्मानित किया गया।
*विश्व मंच पर उत्तराखंड की प्रतिभा*
उत्तराखंड के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि शंघाई (चीन) में सितंबर 2026 में आयोजित होने वाली वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता/कॉन्फ्रेंस के लिए राज्य के दो प्रतिभागियों का चयन हुआ है।
इनमें Industrial Design Technology कौशल में पार्थ वोहरा तथा Retail Sales कौशल में सानिया जोशी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा, उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था तथा राज्य सरकार के कौशल विकास प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान है।
*स्किल ऑन व्हील्स’ परियोजना को मिली वैश्विक पहचान*
राज्य सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में संचालित ‘स्किल ऑन व्हील्स’ परियोजना को एक और बड़ी उपलब्धि प्राप्त हुई है। रबर, केमिकल एवं पॉलिमर स्किल डेवलपमेंट काउंसिल (RCPSDC) द्वारा संचालित इस परियोजना का चयन सितंबर 2026 में शंघाई (चीन) में आयोजित होने वाले वर्ल्ड स्किल्स कॉन्फ्रेंस 2026 में प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।
विश्वभर से प्राप्त 130 से अधिक आवेदनों में से इस परियोजना का चयन होना इसकी गुणवत्ता, नवाचार तथा प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है।
यह परियोजना राज्य सरकार, उत्तराखंड कौशल विकास समिति (UKSDS) तथा यूएनडीपी (UNDP) के सहयोग से सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। परियोजना के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता, प्रशिक्षण, करियर काउंसलिंग, उद्योगों से समन्वय तथा सतत निगरानी के जरिए युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान किया गया है।
विश्व कौशल सम्मेलन में इस परियोजना का चयन उत्तराखंड के कौशल विकास मॉडल की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण मान्यता है तथा यह राज्य सरकार के गुणवत्तापूर्ण कौशल विकास प्रयासों की वैश्विक स्वीकार्यता को भी दर्शाता है।
*उत्तराखंड कौशल विकास समिति द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं एवं नवाचार *राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता को साकार कर रहे हैं, जिसके माध्यम से प्रदेश के युवाओं को आधुनिक कौशल, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में भागीदारी तथा वैश्विक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कौशल प्रशिक्षण, जापानी भाषा कार्यक्रम, इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा ‘स्किल ऑन व्हील्स’ परियोजना को विश्व कौशल सम्मेलन में मिली मान्यता यह सिद्ध करती है कि उत्तराखंड आज कौशल विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार के सतत प्रयासों से प्रदेश के युवा आत्मनिर्भरता, रोजगार और वैश्विक अवसरों की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हैं।



