समाचार शगुन उत्तराखंड
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में शनिवार 31 अक्टूबर की देर रात पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल से जा रहे रुड़की निवासी शमीम और शहजाद को पुलिस ने चेकिंग के दौरान रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय में भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात पटेलनगर क्षेत्र में नयागांव के पास पुलिस की टीम सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो बाइक सवारों ने रुकने के बजाय बुडपुर की तरफ भागना शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गोली लगने से पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करने के बाद अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाशों से भी पूछताछ की।
