शिक्षा विभाग के प्रशासनिक अधिकारी को ईनाम में कार जीतने का झांसा देकर तीन लाख ठगे

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

 

फेसबुक पर शुगर की दवा का विज्ञापन देखकर ऑनलाइन दवा मंगाना नैनिताल जिले में शिक्षा विभाग के प्रशासनिक अधिकारी को महंगा पड़ गया। दवा खरीदने के बाद साइबर ठग ने करीब आठ लाख रुपये कीमत की कार इनाम में निकलने का झांसा दिया। कार दिलाने के नाम पर पहले 3200 रुपये पंजीकरण शुल्क लिया और फिर अलग-अलग बहाने बनाकर करीब साढ़े तीन लाख रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर अधिकारी ने साइबर सेल में शिकायत की है। अधिकारी ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले उन्होंने फेसबुक पर शुगर की दवा का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के माध्यम से उन्होंने ऑनलाइन दवा मंगानी शुरू की। लगातार दवा मंगाने के बाद संबंधित व्यक्ति ने उन्हें फोन किया और बताया कि अधिक मात्रा में दवा खरीदने के कारण उनके नाम करीब आठ लाख रुपये कीमत की कार का इनाम निकला है। कार प्राप्त करने के लिए पहले 3200 रुपये पंजीकरण शुल्क जमा करने को कहा गया। इसके बाद अलग-अलग शुल्क और औपचारिकताओं का हवाला देकर अधिकारी से किस्तों में रकम ली जाती रही। अधिकारी करीब साढ़े तीन लाख रुपये दे चुके थे, लेकिन इसके बावजूद कार नहीं मिली। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने साइबर सेल में शिकायत देकर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई और रकम की रिकवरी कराने की मांग की है।