समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
नैनीताल जिले में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पूर्व सैनिक की जमीन से जुड़े मामले में रिश्वत मांगने के आरोपों से घिरे राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) रमेश चंद्र को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रारंभिक जांच में शिकायत के आरोपों की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी ने यह कार्रवाई की। मामले में संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की है। जानकारी के अनुसार, पूर्व सैनिक ने हल्द्वानी के हिम्मतपुर तल्ला स्थित अपने प्लॉट पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उनके प्लॉट की करीब 5.5 फीट चौड़ाई और 80 फीट गहराई यानी लगभग 440 वर्ग फीट भूमि पर अतिक्रमण और दबाव बनाया गया है। इसी जमीन का सीमांकन कराने के लिए उन्होंने 14 नवंबर को राजस्व विभाग से शिकायत की थी। आरोप है कि पहले 9700 रुपए और फिर 50 हजार की रिश्वत मांगी।











