समाचार शगुन उत्तराखंड
कुमाऊं के अल्मोड़ा जिले में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसार देवी स्थित एक होमस्टे के कमरे में शुक्रवार सुबह दिल्ली निवासी एक पर्यटक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे को सील कर दिया और शव को कब्जे में लिया। जानकारी के अनुसार मटीना (डीनापानी) निवासी मयंक कार्की के कसार देवी स्थित शारदा होमस्टे में सी-808, अभियंत अपार्टमेंट, वसुंधरा एन्क्लेव, ईस्ट दिल्ली-110096 निवासी संजय तालुकदार (39) ने बीती 10 अक्तूबर को एक माह के प्रवास के लिए कमरा किराए पर लिया था। होमस्टे संचालक के अनुसार यहां आने पर उनका स्वास्थ्य सामान्य था लेकिन बृहस्पतिवार की रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। शुक्रवार सुबह जब वे कमरे से बाहर नहीं निकले, तो जांच करने पर वे अंदर मृत अवस्था में पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद साक्ष्य सुरक्षित रख लिए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक के लिवर का पूर्व में ऑपरेशन हुआ था।











