समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज गुरुवार को आईएएस कैडर की अधिकारी और नगर आयुक्त आशिमा गोयल के नेतृत्व में पांच टीमों द्वारा 15 वार्डों में प्रातःकालीन औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त द्वारा स्वयं वार्ड संख्या 03, 04 एवं 06 का निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त नगर निगम के अन्य अधिकारियों की चार टीमों द्वारा वार्ड संख्या 11, 17, 18, 25, 26, 27, 34, 36, 37, 57, 58 एवं 60 में सफाई व्यवस्था एवं कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्डों में कई सफाई कर्मचारी एवं सफाई नायक अपने निर्धारित कार्यस्थलों से अनुपस्थित पाए गए। इस पर नगर आयुक्त द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सफाई कर्मचारी एवं सफाई नायक निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित होकर पूर्ण कार्यावधि में अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही सभी कर्मचारियों द्वारा बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से समयबद्ध उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि “शहर की सफाई व्यवस्था नगर निगम का चेहरा होती है। स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर न केवल नगर निगम की कार्यप्रणाली को दर्शाता है, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर एवं शहर की छवि से भी सीधे तौर पर जुड़ा होता है। इसलिए सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। नगर आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार हेतु इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेंगे तथा सफाई व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।











