समाचार शगुन उत्तराखंड
रुद्रपुर । गुरुद्वारा मुकुंदपुर डेरा में श्री गुरु नानक देव जी के सुपुत्र बाबा श्रीचन्द्र जी महाराज की स्मृति में वार्षिक समागम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। समागम में पहुंचे रागी जत्थों ने गुरुवाणी के शबद कीर्तन से संगत को निहाल किया। धार्मिक समागम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु दरबार में माथा टेका और गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी गुरुद्वारा मुकुंदपुर डेरा पहुंचकर माथा टेका और गुरु का आशीर्वाद लिया। उन्होंने धार्मिक समागम में शामिल होकर संगत के साथ समय बिताया। इस दौरान बाबा जोगा सिंह ने उन्हें सरोपा भेंट कर सम्मानित किया। समागम के दौरान रागी जत्थों ने गुरुवाणी के माध्यम से गुरु साहिबान की शिक्षाओं और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। शबद कीर्तन के दौरान गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। संगत ने श्रद्धापूर्वक कीर्तन श्रवण किया। इस अवसर पर राजकुमार ठुकराल ने कहा कि धार्मिक समागम हमारी समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे, सेवा और समर्पण की भावना मजबूत होती है। गुरु साहिबान की शिक्षाएं हमें मानवता की सेवा करने, सभी धर्मों का सम्मान करने और समाज में प्रेम एवं सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि बाबा श्रीचन्द्र महाराज की स्मृति में आयोजित यह वार्षिक समागम श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्ग से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने आयोजन के लिए गुरुद्वारा प्रबंधन और सेवादारों के प्रयासों की सराहना की।











