समाचार शगुन उत्तराखंड
लोहाघाट विधानसभा सीट से विधायक चुने गए खुशाल सिंह अधिकारी पर नामांकन प्रपत्र में तथ्यों को छुपाए जाने आदि आरोपों को न्यायालय ने निराधार बताते हुए विधायक के पक्ष में फैसला सुनाया है। विधायक ने इसे सच्चाई की जीत बताते हुए न्यायालय और क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद बताया। कहा कि वह आज खुद को सही में विधायक समझ रहे हैं। बृहस्पतिवार को विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने अपने आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान विपक्षी भाजपा के पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने उनके खिलाफ न्यायालय में एक वाद दायर कर चुनाव के दौरान नामांकन प्रपत्र में तथ्यों को छुपाए जाने, हैसियत छुपाने, ठेकेदारी का कार्य करने, गलत प्रपत्र दाखिल किए जाने, 24 जनवरी 2022 को प्रपत्र जमा करने के बजाय 28 जनवरी के प्रपत्र जमा किए जाने आदि आरोप लगाए गए थे।











