दीवाली पर वेतन न मिलने पर छलका रोडवेज कर्मचारियों का दर्द, यह चेतावनी दी

समाचार शगुन उत्तराखंड 

दीवाली पर वेतन न मिलने पर छलका रोडवेज कर्मचारियों का दर्द, यह चेतावनी दी

उत्तराखंड परिवहन निगम रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की क्षेत्रीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को रामनगर में संपन्न हुई। बैठक में निगम कर्मचारियों से जुड़े अनेक ज्वलंत एवं गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सरकार एवं निगम प्रबंधन के समक्ष कर्मचारियों की पीड़ा और समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया गया।बैठक में दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व को देखते हुए कर्मचारियों को समय पर वेतन का भुगतान न किए जाने पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जिस कर्मचारी के परिश्रम से निगम का संचालन हो रहा है, उसी कर्मचारी को दीपावली जैसे पर्व पर वेतन के लिए इंतजार करना पड़े, यह अत्यंत दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। कर्मचारियों के लिए यह पीड़ादायक स्थिति है तो वहीं निगम प्रबंधन के लिए भी शर्मनाक है। बैठक में स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि यदि कर्मचारियों की जायज मांगों एवं समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो परिषद आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं निगम प्रबंधन की होगी। इसके अतिरिक्त कर्मचारियों की लंबित समस्याओं, सेवा संबंधी प्रकरणों, आर्थिक कठिनाइयों एवं अन्य महत्वपूर्ण मांगों पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। परिषद ने एक स्वर में कहा कि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार एवं प्रबंधन को कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील होकर तत्काल ठोस निर्णय लेने होंगे। बैठक में मुख्य रूप से क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री जगदीश कांडपाल, क्षेत्रीय मंत्री श्री उमेश चंद्र जोशी, श्री गोपाल पपनोई, श्री सुरेंद्र सिंह रावत, श्री दिनेश भंडारी, श्री विवेक कुमार, श्री जगमोहन, श्री श्याम सिंह शाही, श्री कमल तिवारी, श्री योगेश जोशी, श्री अमित बिष्ट, श्री मोहन बोरा, श्री गिरीश चंदानी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। परिषद का स्पष्ट संदेश है कि कर्मचारी निगम की रीढ़ हैं। उनके सम्मान, अधिकार एवं आर्थिक सुरक्षा से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान अब और टाला नहीं जाना चाहिए।