समाचार शगुन उत्तराखंड
कुमाऊं में ऊधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर में युवक की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। जनपद की सीमा और यूपी के बिलासपुर अंतर्गत ग्राम डिबडिबा में यह वारदात हुई। वारदात के समय युवक बेटी की दवाई लेकर पैदल घर जा रहा था। पुलिस के अनुसार, संदीप सिंह चौहान उर्फ सनी उर्फ सनिया (30) की अंग्रेजी वाइन शॉप के सामने बाइक सवार तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी बाइक समेत फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सीओ, कोतवाल और रुद्र बिलास चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। शव को सीएचसी लाया गया, जहां से पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतक की पत्नी शिवानी ने बताया कि संदीप की कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी। आशंका है कि रंजिश के चलते ही हत्या की गई है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है।
