कुमाऊं में यहां वन्यजीवों की दहशत, अग्रिम आदेशों तक स्कूल बंद

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

अल्मोड़ा जिले के सल्ट विकासखंड के तड़म ग्रामसभा के बौरडा तोक में वन्य जीव के हमले में महिपाल सिंह की मौत होने के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ऐसे में स्कूली बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा के देखते हुए ग्रामसभा के तीनों स्कूलों को अग्रिम आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है। वन विभाग की तीन टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही हैं। वहीं विभाग ट्रेप कैमरा और ड्रोन के जरिये लगातार वन्यजीव की सक्रियता पर नजर बनाए हुए है। क्षेत्र में एक महीने के भीतर मानव वन्यजीव संघर्ष की दो घटनाओं के होने से लोगों में दहशत है। वहीं इससे विद्यार्थियों के लिए भी खतरा बढ़ गया है। सड़क सुविधा नहीं होने से शिक्षकों को भी करीब साढ़े चार किलोमीटर पैदल जंगल पार कर स्कूल तक जाना पड़ता है। दो दिन बाद भी वन विभाग के हाथ अभी खाली हैं। बुधवार को ट्रेप कैमरे की फुटेज में भी वन्यजीव की कोई गतिविधि नजर नहीं आयी। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर स्कूल बंद करने का निर्णय लिया है। तड़म ग्रामसभा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बौरडा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय घज़ीरा, और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय घजीरा तीनों स्कूल अग्रिम आदेश तक के लिए बंद कर दिए हैं। ग्रामसभा के अंतर्गत इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चों को पैदल भौनखाल इंटर कॉलेज जाना पड़ता है। घटना के बाद से बच्चों ने यहां जाना भी बंद कर दिया है। ऐसे में इन विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here