समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बीती 14 सितंबर की रात कॉलेज से लौट रही नर्सिंग की छात्रा स्कूटी से घर लौट रही थी कि कुत्ते को बचाने के प्रयास में फिसलने से घायल हो गईं। हादसा लामाचौड़ क्षेत्र में हुआ था। गंभीर रूप से घायल लामाचौड़ निवासी कंचन पांडे (21) का मुखानी स्थित निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। 16 सितंबर की देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। कंचन निजी कॉलेज में बीएससी नर्सिंग तृतीय वर्ष की छात्रा थी। कंचन के परिवार में उनके पिता भगवती प्रसाद हैं जो शिक्षा विभाग में क्लर्क हैं। घर में वह अपने पिता और मां भावना पांडे के साथ रहती थीं। उनके बड़े भाई गौरव पांडे क्रूज पर कार्यरत हैं जो अक्सर बाहर रहते हैं। पुलिस के अनुसार 14 सितंबर की रात कंचन कॉलेज से घर लौट रही थीं। कमलुवागांजा मार्ग पर अचानक स्कूटी के सामने निराश्रित कुत्ता आ गया। उसे बचाने के लिए कंचन ने स्कूटी के ब्रेक लगाए और अनियंत्रित होकर स्कूटी फिसल गई। उनके सिर में बेहद गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां बुधवार देर रात उनकी मौत हो गई।




