समाचार शगुन उत्तराखंड
कुमाऊं के यूएस नगर जिले के पंतनगर में लगे किसान मेले से लौट रही युवतियों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार रुद्रपुर निवासी युवतियों ने मेले में काफी का स्टाल लगाया है। सोमवार की शाम युवतियां स्टाल बंद कर अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान गांधी हाल के पास स्कार्पियो सवार युवक ने उनसे छेड़छाड़ कर दी। इससे आक्रोशित युवतियों ने युवक को पकड़ा और उसकी पिटाई कर दी, लेकिन युवक खुद को उनसे छुड़ाकर भद्दी गालियां बकते हुए भाग निकला। शोर शराबे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच सुरक्षा अधिकारी को भी युवतियों ने खूब खरी-खोटी सुनाई। जिसके बाद युवतियों ने थाने पहुंचकर मामले की तहरीर सौंपकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। लेकिन पुलिस की हीला हवाली के चलते हंगामा देर रात 12 बजे तक चलता रहा। आरोपी पंतनगर विश्विद्यालय कर्मी का पुत्र बताया गया है।
