हल्द्वानी के रामलीला मैदान में शुद्धिकरण के मामले ने तूल पकड़ा, कांग्रेस नेताओं ने पुलिस को सौंपी तहरीर

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन उत्तराखंड 

नैनीताल जिले के हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने ऊधमसिंहनगर जिले में सोमवार को रुद्रपुर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी, एवं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने पुलिस को तहरीर सौंपते हुए मामले में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। तहरीर में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित जनसभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए थे। आरोप है कि इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को गिरीश चंद्र पांडे, अध्यक्ष श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास और करीब 15 अन्य अज्ञात लोगों ने कथित रूप से रामलीला मैदान में यज्ञ और गंगाजल का छिड़काव कर शुद्धिकरण किया। कांग्रेस ने इस कृत्य को अनुसूचित जाति समाज का सार्वजनिक अपमान बताते हुए इसे संविधान की भावना और सामाजिक समानता के विरुद्ध बताया है। तहरीर में कहा गया है कि सार्वजनिक स्थल पर शुद्धिकरण की कार्रवाई और उसका वीडियो बनाकर सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित किए जाने से अनुसूचित जाति सहित सामाजिक एकता और राष्ट्रीय अखंडता में विश्वास रखने वाले लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस कृत्य से अनुसूचित जाति के लोगों को नीच अथवा अपवित्र समझे जाने का संदेश समाज में गया, जो संविधान में निहित समानता और अस्पृश्यता उन्मूलन की भावना के विपरीत है। कांग्रेस ने तहरीर में आरोप लगाया कि शुद्धिकरण के नाम पर किए गए इस कृत्य से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के सदस्यों के प्रति शत्रुता, घृणा और वैमनस्य की भावना पैदा करने का प्रयास किया गया। पार्टी ने मामले को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध बताते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। तहरीर में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से 13 अगस्त को राज्यसभा में उठाए गए इस मामले का भी उल्लेख किया गया है। साथ ही भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयानों का हवाला देते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शुद्धिकरण की कार्रवाई को लेकर भाजपा नेताओं के अलग अलग बयानों से मामले को लेकर राजनीतिक विवाद और गहरा गया है।कांग्रेस ने हल्द्वानी पुलिस पर भी कार्रवाई में कथित लापरवाही का आरोप लगाया है। तहरीर में कहा गया कि मामले में अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। तहरीर देने वालों में सतीश कुमार, राहुल प्रजापति, दिनेश कोली, संदीप चीमा, योगेश चौहान, पार्षद चिराग कालरा, पार्षद शुभम दास, ओमपाल सिंह, ज्योति टम्टा, कुंदन टम्टा, ज्योति आर्य, अबरार, मोहन कुमार, रंजीत तिवारी, निहाल, राकेश कोली, सरोज रानी, निसार अहमद, उमा सरकार, राजू गुप्ता, विकास मलिक, संजीव नंदी, आशीत बाला, अशोक मंडल, ललित बिष्ट और सुनील चुघ सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।