बाजार में बिक रही किशमिश में मिली गड़बड़ी, दुकानदार और कंपनी पर होगा मिसब्रांडिंग का केस

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

 

जिलाधिकारी, नैनीताल के आदेशों के क्रम में आज दिनांक 31 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र तथा लालकुआं के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण एवं खाद्य नमूना संग्रह अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों पर प्रभावी रोकथाम करना तथा आम जनमानस को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना रहा। हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं संबंधित नियमों/विनियमों के अंतर्गत हल्द्वानी क्षेत्र में 03 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान शिवशक्ति इंटरप्राइजेज, रामपुर रोड से देशी घी का सैंपल लिया गया। वहीं नल बाजार में चिरंजीवीलाल की दुकान के निरीक्षण में किशमिश का विधिक नमूना संग्रहित किया गया। साथ ही संबंधित कंपनी तथा डिस्ट्रीब्यूटर द्वारा विक्रय की जा रही किशमिश में लेबलिंग संबंधी अनियमितता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक (पैकेजिंग एवं लेबलिंग) विनियमों के अंतर्गत मिसब्रांडिंग के संबंध में चालानी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रस्तावित की गई है।
निरीक्षण अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी/नैनीताल सर्किल, श्री अमय कुमार सिंह द्वारा उक्त विधिक खाद्य नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर प्रेषित किया गया।
लालकुआं क्षेत्र में कार्रवाई
अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी ग्रामीण एवं लालकुआं द्वारा 07 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया एवं 01 विधिक नमूना जांच हेतु नियमानुसार संग्रहित किया गया।
बेसन — मै० भट्ट जनरल स्टोर, हरिपुर रतनसिंह, हल्द्वानी ग्रामीण।
सर्वेक्षण के दौरान निम्न क्षेत्रों का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया—
रामपुर-लालकुआं
सनेस मंडी, लालकुआं
उपर्युक्त विधिक खाद्य नमूने एवं सर्वे नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर प्रेषित किया गया। अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को उच्च गुणवत्ता के खाद्य पदार्थों का उपयोग करने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने तथा कालातीत/एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का विक्रय न किए जाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए एवं जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त, दिनांक 31.08.2026 को भी सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी, रामनगर द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में 02 खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध चालानी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनस्वास्थ्य के हित में जनपद नैनीताल में मिलावटी, असुरक्षित एवं मिसब्रांडेड खाद्य पदार्थों के विरुद्ध निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेगा।