समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
नैनीताल जिले के हल्द्वानी के गोरापड़ाव स्थित स्टोर क्रशर में रविवार दोपहर जेसीबी चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। डंपर में बैठे हेल्पर के ऊपर जेसीबी ने रेत डाल दिया जिस कारण वह दब गया। घंटों रेत के अंदर दबे रहने से हेल्पर की मौत हो गई। चालक ने लालकुआं से रेत से भरा डंपर हल्द्वानी पहुंचा दिया। जब निर्माण में लगे मजूदरों ने रेत उठाई तो वहां लाश दबी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक जयपुर वीसा, लालकुआं निवासी 30 वर्षीय पवन सिंह पुत्र मदन सिंह डंपर में हेल्पर था। वह रविवार सुबह अपनी ताई के घर से काम पर निकला था। बताया जा रहा है कि दोपहर को डंपर रेता लोड करने के लिए क्रशर के अंदर आया। मुख्य चालक खाना खाने गेट पर रूका तो पवन अंदर तक गाड़ी ले गया। बताया जा रहा है कि पवन डंपर में उस जगह लीकेज पर कट्टा लगा रहा था, जहां से रेता बाहर निकलता है। इसी दौरान ऊपर से जेसीबी चालक ने लापरवाही से रेत डाल दिया जिसमें वह दब गया। कई देर तक गाड़ी नहीं हिली तो दूसरा चालक भेजकर गाड़ी को रेता हल्द्वानी के चौफुला-कटघरिया मार्ग में सड़क किनारे अनलोड करा दिया। जहां नाली का निर्माण चल रहा है। शाम चार बजे मजदूर सलीम व उसका साथी जैसे ही रेत निकालने लगे तो व्यक्ति की लाश मिली। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मुखानी पुलिस मौके पर पहुंचे। देर शाम एक महिला यहां पहुंची और उसने मृतक की पहचान अपने भतीजे के रूप में की। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि ठेकेदार और क्रशन मालिक से पूछताछ की जाएगी। साथ ही जेसीबी चालक को बुलाया गया है।



