हल्द्वानी में 101 दुकानदारों को हटाने का नोटिस देने से भड़के व्यापारियों का प्रदर्शन

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन हल्द्वानी 

हल्द्वानी में मंगलपड़ाव से रोडवेज तक की दुकानों को 23 अगस्त तक खाली करने के आदेश के विरोध में आज गुरुवार को व्यापारियों ने सड़कों पर उतर कर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग की ओर से आज शहर में मुनादी करा कर प्रभावित दुकानदारों से दुकानें खाली करने का आदेश जारी किया गया है। इसके बाद प्रभावित दूकानदारों ने देवभूमि व्यापार मंडल, प्रांतीय व्यापार मंडल, प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के नेतृत्व में मंगल पड़ाव से नगर निगम तक जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। व्यापारी नेताओं का कहना था कि प्रभावित दुकानदार पिछले 60 से 70 वर्षों से इस स्थान पर व्यापार कर अपने परिवार की आजीविका चला रहे हैं। प्रशासन अब बीच सड़क से दोनों तरफ 12-12 मीटर जगह खाली करना चाहता है जिससे नगर के 101 दुकानदार प्रभावित होंगे और प्रभावितों के लिए अपने परिवार व बच्चों का भरण पोषण करना बहुत मुश्किल हो जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में देवभूमि व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह चड्डा, गोविंद बगड़वाल, प्रदेश उपाध्यक्ष दलजीत सिंह दल्ली, युवा व्यापार मंडल प्रदेश अध्यक्ष मुकेश ढींगरा, प्रेम चौधरी, मनीष वर्मा आदि शामिल थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *