कुमाऊं के इस जिले में पांच हजार के सरकारी चेक में तीन हजार कमीशन मांगने वाला गिरफ्तार

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

ऊधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर में मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत पांच हजार रुपए के चेक पर 3 हजार रुपए कमीशन मांगने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में राजस्व विभाग के अधिकारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। ऊधमसिंहनगर जिले के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि एक आडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में राजस्व विभाग के एक अधिकारी की तहरीर पर ट्रांजिट कैंप पुलिस ने जावेद नाम के युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी ने बताया कि आडियो की जांच की जायेगी। कमीशन मांगने वाला और जिस व्यक्ति को चेक मिलना था, इसकी भी जांच होगी। जावेद थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के जगतपुरा निवासी बताया गया है। इधर इस मामले में बीते सोमवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने तहसीलदार कार्यलय के जमीन पर बैठकर धरना भी दिया था। उन्होंने सरकारी चेकों का वितरण कलेक्ट्रेट स्थित तहसील से ही करने की मांग उठाई है।