भगवान श्रीकृष्ण से हल्द्वानी की इस लड़की का होगा विवाह, बचपन से रखती आ रही है करवाचौथ का व्रत

ख़बर शेयर करें
समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 
 

ऐसी लागी लगन मीरा हो गई मगन… वो तो गली गली हरि गुण गाने लगी…इस भजन के माध्यम से मीरा का भगवान कृष्ण के प्रति प्रेम भाव व्यक्त किया गया है लेकिन हल्द्वानी की रहने वाली हर्षिका की प्रीत भी कन्हैया के प्रति कम नहीं है। कान्हा की ऐसी लगन हल्द्वानी निवासी हर्षिका पंत को लगी कि उसने भगवान कृष्ण के संग विवाह करने का मन बना लिया है। हल्द्वानी में इस विशिष्ट आयोजन के तहत मांगलिक कार्य शुरू कर दिये गये हैं। आज गुरुवार 11 जुलाई को उसकी बारात गाजे बाजे के साथ आयेगी। हल्द्वानी के आरटीओ रोड़ स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेेज 3 निवासी पूरन चंद्र पंत की पुत्री दिव्यांग है। पंत ने बताया कि बचपन से ही हर्षिका श्री कृष्ण की भक्ति में लीन है। जब वह आठ वर्ष की थी तो उसे भगवान कृष्ण ने स्वप्न में दर्शन दिये। तब से ही वह प्रभु की भक्ति में लीन है। उन्होंने बताया कि हर्षिका 10 वर्ष की आयु से ही कान्हा के लिए करवाचौथ का व्रत रखती है। हर्षिका के विवाह के लिए जब पुरोहित से पूछा गया तो उन्होंने वृंदावन में विवाह कार्य होने की जानकारी दी। वहां कार्यक्रम न होने की स्थिति में परिजनों ने 1 जुलाई को प्रेम मंदिर वृंदावन जाकर विवाह प्रक्रिया संपन्न करायी व भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा को हल्द्वानी ले आये। परिजनों ने बकायदा शादी के कार्ड भी छपवाये। बीते दिवस घर पर शुभ लग्न अनुसार भगवान की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा करने के उपरांत महिला संगीत का कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। स्थनीय लोगों ने इस कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर हिस्सेदारी की। आज हर्षिका की बारात आनी है, लोगों में इसको लेकर खासा उत्साह है।

—–
पैरालाइज्ड पिता के होश में आने से बढ़ी आस्था
पिता पूरन चंद्र पंत ने बताया कि उन्हें वर्ष 2020 में अटैक पड़ा था और शरीर पैरालाइज हो गया। ऐसे में 10 से 15 दिन तक बेहोश रहे। उसके बाद उन्हें होश आया तो बेटी ने कहा कि उनके कान्हा जी ने उन्हें ठीक कर दिया है। इसी के बाद से प्रभु के प्रति श्रद्धा और अधिक बढ़ गई। बताया कि उनका अभी भी उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *