स्पेशल डाइट में खाया चिकन और पनीर, इंजीनियरिंग के 150 छात्र हुए फूड प्वाइजनिंग का शिकार

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन उत्तराखंड 

स्पेशल डाइट में चिकन और पनीर खाने के बाद लगभग 150 छात्र फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। सभी का अस्पताल में उपचार कराया गया है। दो छात्रों की गंभीर हालत देखते हुए  निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
       पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर के पटेल भवन में इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष के लगभग 185 छात्र रहते हैं। 10 जून बुधवार की रात को मेस का खाना खाने के बाद यहां के लगभग 150 छात्र बीमार पड़ गए। जिन्हें तीन एंबुलेंस  और बसों में भरकर विवि अस्पताल पहुंचाया गया। बीमार छात्रों ने बताया कि उनका मेस संचालक खाना बनाने में गुणवत्ता विहीन खाद्य पदार्थों का प्रयोग करता है। पूर्व में दो बार खाने में कीड़े भी निकल चुके हैं, परंतु फिर भी मेस का संचालक नहीं बदला गया। विवि प्रशासन की ओर से संचालक पर आर्थिक जुर्माना जरूर लगाया गया। संचालक की ओर से बुधवार को छात्रों के लिए स्पेशल डाइट का इंतजाम किया गया था। जिसके तहत वेज छात्रों के लिए पनीर और नानवेज वालों के लिए चिकन और नान व चावल आदि परोसा गया। बुधवार की रात नौ बजे लगभग डेढ़ सौ छात्रों ने खाना खाया था। खाने के लगभग एक डेढ़ घंटे बाद छात्रों को उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई। इसके बाद हास्टल मैनेजर, वार्डन और डीएसडब्ल्यू को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल भेजना शुरू किया। छात्रों की संख्या बढ़ने पर विवि की तीनों एंबुलेंस सहित एक बस को भी इस काम में लगाया गया। इस दौरान अस्पताल में विवि की कुलसचिव और अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। बताया कि छात्रों को अस्पताल ले जाने और वहां से वापस छात्रावास लाने का सिलसिला रात भर चलता रहा। आजकल उनकी फाइनल परीक्षाएं चल रही हैं और बृहस्पतिवार को भी परीक्षा है। ऐसे में कुछ छात्रों की परीक्षा भी छूट सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *