समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड

गौजाजाली उत्तर, बरेली रोड, हल्द्वानी स्थित दून कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा 6, वर्ग- अंकुर की छात्रा इशरा अंसारी ने मानवता पर आधारित राष्ट्रीय स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता – _Spiritual Echoes_ में *राष्ट्रीय स्तर पर अंकुर कैटेगरी में प्रथम पुरस्कार* जीता है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 6 सितंबर 2026 को सतयुग दर्शन वसुंधरा, ग्रेटर फरीदाबाद, हरियाणा* के सभागार में आयोजित हुई थी। पुरस्कार वितरण समारोह 7 सितंबर को आयोजित किया गया, जिसमें इशरा को 21,000 रुपये, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की निर्णायक मंडल और अतिथियों ने खूब सराहना की। कार्यक्रम में विश्वविद्यालयों के वाइस चांसलर, कॉलेजों के प्रधानाचार्य तथा शिक्षक, शहर के मेयर, सतयुग दर्शन ट्रस्ट के पदाधिकारी, निर्णायक मंडल तथा सतयुग दर्शन ट्रस्ट के पदाधिकारी उपस्थित थे। यह प्रतियोगिता एक निःशुल्क राष्ट्रीय पहल है जिसका उद्देश्य नैतिक मूल्यों और मानवता को बढ़ावा देना है। इशरा ने शहर स्तर और राज्य स्तर पर जीत हासिल करने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि प्राप्त की है, जो न केवल विद्यालय बल्कि समूचे हल्द्वानी शहर, नैनीताल जिले और उत्तराखंड राज्य के लिए गर्व की बात है। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य कृष्णा जोशी, विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ ने इशरा का जोरदार स्वागत किया और उनकी इस सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
