समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर 13 अक्टूबर मंगलवार सुबह पटाखों से भरे ट्रक में अचानक आग लग गई। ज्योलीकोट के समीप चलते ट्रक के पिछले हिस्से में आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक में रखे पटाखे फूटने लगे। बीच सड़क पटाखों के धमाकों से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान चालक ने किसी तरह ट्रक से उतरकर भागते हुए अपनी जान बचाई। हाइवे पर पटाखों के लगातार धमाकों के कारण मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि, पटाखों के लगातार फूटने के कारण आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दमकल विभाग की टीम को भी सूचना दी गई। एहतियातन मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
