कुमाऊं में यहां छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन उत्तराखंड

कुमाऊं के अल्मोड़ा जिले के विकासखंड सल्ट के एक विद्यालय में शिक्षक द्वारा छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। खंड शिक्षा अधिकारी सल्ट की ओर से पुलिस को पत्र के माध्यम से जानकारी दे दी गई थी। खंड शिक्षा अधिकारी हरेंद्र शाह ने यह पत्र पुलिस को डाक के माध्यम से भेजा था, जिसे पुलिस तक पहुंचने में सप्ताहभर से ज्यादा का वक्त लग गया। भतरौजखान थाना पुलिस के मुताबिक यह पत्र अल्मोड़ा पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचा था। इसके बाद अग्रिम कार्यवाही के लिए संबंधित थाने को निर्देशित करने की कार्यवाही की गयी। बीते मंगलवार को भतरौजखान पुलिस को सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने आज बुधवार 11 सितंबर को टीम विद्यालय भेजकर पूरे प्रकरण की जांच की।‌ जिसके बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ़ संबंधित धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आगे की जांच के लिए महिला विवेचना अधिकारी की नियुक्ति की कार्यवाही की जा रही है। गौरतलब है कि 13 दिन पहले सल्ट के एक विद्यालय में बेहद संवेदनशील मामला सामने आया था। जिसमें कुछ छात्राओं ने एक शिक्षक पर उनके साथ छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणी के आरोप लगाए गए थे। अभिभावकों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी अल्मोड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर की थी और शिक्षक के खिलाफ़ कार्यवाही की मांग की थी, मामला उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। इस दौरान कुछ क्षेत्रीय लोगों द्वारा लगातार छात्राओं पर दबाव बनाकर उनके बयानों को बदलवाने की कोशिश भी की जा रही थी लेकिन कुछ छात्राएं और अभिभावक बिना दबाव में आये कार्यवाही की मांग पर डटे रहे। खंड शिक्षा अधिकारी हरेंद्र शाह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से जांच कर अग्रिम कार्यवाही करने का आग्रह किया। इधर भतरौजखान थाना पुलिस के अनुसार एसएसपी साहब के आदेश होते ही पुलिस टीम विद्यालय भेजकर पूरे प्रकरण की जानकारी ली गयी है, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ़ कार्यवाही करते हुए संबंधित धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *