समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड
नैनीताल जिले के हल्द्वानी में देवलचौड़ निवासी अधिवक्ता गणेश सिंह नेगी ने काठगोदाम कोतवाली में हल्दूपोखरा निवासी कौशल चौहान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। अधिवक्ता ने उनकी संपत्ति का बोर्ड उखाड़ने और सड़क को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने 12 अक्तूबर को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। अधिवक्ता का कहना है कि उन्होंने आरोपी से चार साल पहले 11.42 लाख रुपये में प्लॉट खरीदा था। रजिस्ट्री होने के बाद आरोपी ने प्लॉट तक जाने वाली सड़क के करीब 20 मीटर हिस्से को क्षतिग्रस्त कर समतल कर दिया। इसका वाद उन्होंने कोर्ट ने दायर कराया जो अब तक विचाराधीन है। कोर्ट ने मौके पर यथा स्थिति का आदेश दिया था। इसके बावजूद आरोपी ने प्लॉट के पास लगा उनका बोर्ड उखाड़ दिया। इसके बाद पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
