जमीन में 100 किलो सोना दबा होने का लालच देकर धोखाधड़ी, चार गिरफ्तार

समाचार शगुन उत्तराखंड 

 

ऊधमसिंहनगर जिले के खटीमा में जमीन में 100 किलो से अधिक सोना दबा होने का लालच देकर धोखाधड़ी और दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर कम मूल्य में जमीन बेचने की साजिश के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में छह आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सोमवार को रुद्रपुर में घटना का खुलासा करते हुए एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि भूड़ृ महोलिया निवासी रणधीर सिंह ने खटीमा कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि वार्ड नंबर 12, भूड़ महोलिया,खटीमा निवासी लक्ष्मण सिंह भाटिया और उसके साथियों ने उनके पिता उमेश सिंह को उनकी जमीन में 100 किलोग्राम से अधिक सोना दबा होने का लालच देकर कथित रूप से विश्वास में लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित तांत्रिक क्रियाओं, पूजा-पाठ एवं अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर बड़ी धनराशि खर्च होने की बात कहकर उनके पिता से अलग-अलग किस्तों में धनराशि प्राप्त की गई। साथ ही भूमि संबंधी विभिन्न दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान भी करवाए गए। दस्तावेजों में भूमि के संबंध में लगभग 46 लाख रुपये और 80 लाख रुपये की धनराशि अंकित है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता को कथित रूप से एक कार में ले जाकर बंधक बनाया गया और हथियार दिखाकर व दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर दबाव बनाया गया। उन्होंने लगभग 10 लाख रुपये की नकद धनराशि लिए जाने व भूमि को कथित रूप से कम कीमत पर बिकवाने की साजिश किए जाने के आरोप भी लगाया। उन्होंने पुलिस को बताया कि इससे उनके पिता पर गंभीर मानसिक दबाव पड़ा। उनकी तहरीर पर पुलिस ने भूड़ महोलिया निवासी लक्ष्मण सिंह भाटिया, बानूसी, झनकट निवासी विवेक कुमार, बंडिया,खटीमा निवासी नंद किशोर,मोहम्मदपुर भुड़िया निवासी शिव सिंह राणा , तांत्रिक मुकेश कुमार और कश्मीर सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में गठित टीम ने नामजद अभियुक्तों की तलाश में दबिश दी। सोमवार को पुलिस ने संजय पार्क रेलवे स्टेशन खटीमा के पास से अभियुक्तों लक्ष्मण भाटिया, विवेक कुमार, नंद किशोर और शिव सिंह राणा को गिरफ्तार कर लिया।