हल्द्वानी: डीएम ने दिन में सुनीं समस्याएं और रात को वार्डों का औचक निरीक्षण किया, लोगों ने खोली सफाई व्यवस्था व पुलिस गश्त की पोल

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

हल्द्वानी में आज शुक्रवार को दिन में कालाढूंगी रोड स्थित जीजीआईसी में वार्ड 11 से 20 तक के लोगों की समस्याएं सुनने के बाद डीएम वंदना सिंह देर रात हीरानगर, बद्रीपुरा, सतीश कॉलोनी व गोसाई कॉलोनी का औचक भ्रमण करने पहुंच गईं। इस दौरान उन्होंने लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं।

हल्द्वानी में वार्ड का निरीक्षण करतीं डीएम वंदना।

सतीश कॉलोनी निवासियों ने जिलाधिकारी को बताया कि कॉलोनी में सफाई कर्मचारी नियमित रूप से साफ सफाई के लिए नहीं आ रहे हैं, जिस कारण अत्यधिक गंदगी फैल रही है इससे बीमारियों के फैलने का खतरा है। यहां की नालियां टूटी-फूटी है, जिस कारण सीवर का पानी और गंदगी जमा हो जाती है। कम वोल्टेज के कारण यहां लाइटिंग की व्यवस्था ठीक न होने के कारण अधिक वोल्टेज का ट्रांसफॉर्म लगाने की मांग रखी। सतीश नगर कॉलोनी में साफ सफाई और लाइटिंग की उचित व्यवस्था के साथ ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग, जल संस्थान, पीड्ब्ल्यूडी व नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके साथ ही सतीश नगर कॉलोनी में नए सफाई कर्मियों को नियुक्त करने के लिए कहा। एचपीसीएल द्वारा गैस पाइपलाइन के लिए खोदी गई सड़कों को इसी माह मरम्मत करने के निर्देश नगर निगम को दिए। बिजली विभाग को सड़े गले पोल बदलने और झुकी हुई तारों को ठीक करने हेतु निर्देशित किया। बद्रीपुरा की स्थानीय महिलाओं ने अराजक तत्वों के आवागमन की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने कहा दिन और रात में कुछ अराजक तत्व यहां घूमते फिरते अक्सर देखे जाते हैं, जिस कारण महिलाएं, लड़कियां और बच्चे असुरक्षित महसूस करते हैं। यहां रात्रि के समय लाइट की उचित व्यवस्था भी नहीं है, जिस कारण भय का माहौल बना रहता है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से पेट्रोलिंग करने के लिए निर्देशित किया। नगर निगम को खराब लाइट्स ठीक करने के निर्देश दिए। पुलिस के अधिकारियों को ऐसे अराजक तत्वों के आवागमन पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त यहां निवासरत किराएदारों का सत्यापन करने के लिए भी जिलाधिकारी के समक्ष मांग रखी। जिलाधिकारी ने यूपीसीएल और निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि 24 घंटे के अंदर इन स्थानों पर लाइट की व्यवस्था कर दी जाए। बद्रीपुरा में खाली पड़े प्लॉट के भूस्वामियों से संपर्क स्थापित कर खाली प्लाटों की चहारदीवारी कराने के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त विशाल मिश्रा, तुषार सैनी, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, उप जिलाधिकारी हल्द्वानी, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट समेत निवर्तमान मेयर जोगेंद्र रौतेला, पार्षद रवि जोशी आदि मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *