राजेश कोली हत्याकांड: फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को पूर्व विधायक के साथ कोतवाली पहुंचे परिजन

समाचार शगुन उत्तराखंड 

 

रुद्रपुर के रम्पुरा निवासी राजेश कोली हत्याकांड में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी अन्य आरोपियों के फरार होने से परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश बना हुआ है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और वारदात में इस्तेमाल हथियारों के साथ वाहन की बरामदगी की मांग को लेकर सोमवार को परिजनों और मोहल्लेवासियों ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कोतवाली का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि राजेश की हत्या के मामले में अभी तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और वारदात से जुड़े हथियारों तथा वाहन की बरामदगी भी नहीं हो सकी है। ऐसे में पुलिस को जल्द से जल्द शेष आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि राजेश कोली की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार अपने बेटे को खो चुका है और अब उसकी मांग है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियारों और वाहन को बरामद करने की मांग की।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों की एसएसआई खुशवंत सिंह और महेश कांडपाल से वार्ता हुई। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

गौरतलब है कि गुरुवार रात रोडवेज बस स्टेशन के पास दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव की घटना में रम्पुरा वार्ड संख्या 22 निवासी राजेश कोली गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान शनिवार सुबह बरेली के निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। रविवार को पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को घटनास्थल पर ले गई थी और उनके साथ सीन रीक्रिएशन कराया था। इस दौरान फॉरेंसिक टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर खून से सना पत्थर सहित कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए थे। अब परिजन और स्थानीय लोग शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, छात्र संघ सचिव गुरबाज सिंह, कुंवर पाल कोली, रामसेवक कोली, दिनेश कोली, रोहित कोली, मृतक की पत्नी नेहा, माता सुनीता, पप्पू कोली, गब्बर कोली, गंगाराम कोली, राजू कोली, सुरेश कोली, नन्ने कोली, नंदिनी, रोशनी कोली, ममता कोली, आशा कोली, भगवान देवी, यादव देवी, नन्हे मिस्त्री, कमला देवी, सपना कोली, राजू गंगवार, मुकेश कोली, पुष्पा कोली, नन्ही कोली, दीपक, अमन श्रीवास्तव, सियाराम कोली, अरुण आर्या, अनिल कोली, केरू मंडल और ललित सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।