डिवाइडर से टकराई कार, स्पा और बार संचालक की मौत, शरीर पर मिले गहरे घाव से मामला हुआ संदिग्ध

समाचार शगुन उत्तराखंड 

 

ऊधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर में इंदिरा कॉलोनी मार्ग पर बुधवार तड़के एक लग्जरी कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में किच्छा निवासी स्पा एवं बार संचालक की मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृतक के सीने में मिले गहरे घाव और घटनास्थल की परिस्थितियों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हादसा और हत्या दोनों एंगल से मामले की जांच में जुटी है। किच्छा के वार्ड नंबर-5, आवास विकास निवासी 56 वर्षीय संजय शर्मा स्पा सेंटर और बार व्यवसाय से जुड़े थे। उनका मेट्रोपोलिस मॉल रुद्रपुर में स्पा सेंटर है, जबकि किच्छा बाइपास पर भी उनका एक बार बताया जा रहा है। व्यवसायिक कार्यों के सिलसिले में उनका रुद्रपुर आना-जाना लगा रहता था।बुधवार तड़के संजय शर्मा अपनी कार संख्या यूके-07 एबी-5521 से एक महिला सहयोगी के साथ इंदिरा कॉलोनी से किच्छा की ओर जा रहे थे। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हुआ और एयरबैग भी खुल गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक के सीने में गहरे घाव के निशान मिले हैं। हादसे के बाद वह खून से लथपथ अवस्था में पाए गए। वहीं, दुर्घटना के समय कार में मौजूद बताई जा रही महिला सहयोगी मौके पर नहीं मिली, जिससे मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। उधर, मृतक के परिजनों ने भी हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि कार के केवल मामूली रूप से क्षतिग्रस्त होने और एयरबैग खुलने के बावजूद सीने में गहरा घाव कैसे आया।‌ पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी पहलुओं की मदद से पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here