समाचार शगुन उत्तराखंड
लिफ्ट देने के बहाने कार में एक युवती से दो युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है। पीड़िता के अनुसार, वह रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अपने घर से सिडकुल स्थित कंपनी जा रही थी। ऊधमसिंहनगर जिले के रुद्रपुर में यह वारदात हुई है। पीड़िता के मुताबिक आवास विकास क्षेत्र में टेम्पो न मिलने पर वह पैदल अटरिया रोड की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान कार सवार दो युवकों ने उसे सिडकुल छोड़ने की बात कही। भरोसा कर युवती कार में बैठ गई। कुछ दूरी पर आरोपी कार को इधर-उधर घुमाने लगे। विरोध करने पर एक युवक सामान निकालने के बहाने पीछे की सीट पर आ गया और छेड़छाड़ करने लगा। इसके बाद दोनों आरोपियों ने युवती को सुनसान जगह ले जाकर कार में ही उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और सिडकुल में छोड़ दिया। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। परिजन उसे लेकर ट्रांजिट कैंप थाने पहुंचे, जहां तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए कार की नंबर प्लेट से आरोपियों की पहचान की। मंगलवार को पुलिस ने एक आरोपी राहुल दास निवासी आदर्श कॉलोनी रुद्रपुर, मूल निवासी गबिया सराई चौकी रामनगर थाना माधोटांडा, जिला पीलीभीत (उप्र) को कंचनतारा होटल के पास घटना में प्रयुक्त कार सहित गिरफ्तार कर लिया। फॉरेंसिक टीम ने कार से सैंपल व अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी को 27 जनवरी मंगलवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।



