हल्द्वानी के पालीशीट वार्ड में जल संस्थान शुद्ध पेयजलापूर्ति नहीं कर पाया तो पूर्व पार्षद ने हनुमान जयंती पर बजरंगबली बली के दरबार में लगाई गुहार

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

नगर निगम हल्द्वानी के वार्ड-पांच पालीशीट के तुलसीनगर में दूषित पेयजलापूर्ति से लोग परेशान हैं। इस समस्या के निदान के लिए अब भगवान से प्रार्थना की गई है। पूर्व पार्षद मुन्ना पोखरिया ने हनुमान जयंती के मौके पर वार्ड स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने जल संस्थान की बुद्धि शुद्धि को बजरंगबली हनुमान से प्रार्थना की। गौरतलब है कि तुलसीनगर में पिछले कई दिनों से लोगों के घरों में पेयजल‌ के साथ सीवर की गंदगी पहुंच रही है। जल संस्थान अब तक पाइप लाइन का लीकेज नहीं ढूंढ पाया है। गर्मी के मौसम में लोग पेयजल संकट से परेशान हैं। जल संस्थान ने क्षेत्र में कई गड्ढे खोद दिए हैं मगर तब भी लीकेज नहीं मिल पा रहा है। पूर्व पार्षद पोखरिया ने कहा कि अब विभाग को नई पाइप लाइन डालकर क्षेत्रवासियों की परेशानी का समाधान करना चाहिए।‌