समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड

बरेली रोड, हल्द्वानी स्थित दून कॉन्वेंट स्कूल में आज शनिवार, 9 मई 2026 को मातृत्व एवं माताओं को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति स्नेह एवं सम्मान प्रकट किया। इस अवसर पर माताओं एवं बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। _माताओं व बच्चों का ग्रुप डांस कम्पटीशन, ट्रेडिशनल रैंप वॉक तथा _स्पोर्ट्स मैनिया_ जैसी गतिविधियाँ कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें माताओं ने बच्चों के साथ बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि समाजसेवी कनक चंद ने अपने संबोधन में विद्यालय के शैक्षिक वातावरण और सकारात्मक ऊर्जा की प्रशंसा की। साथ ही परिवार को बनाने में माताओं के योगदान और परिवार की सकारात्मक भूमिका की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रधानाचार्य कृष्णा जोशी ने कहा, _”दून कॉन्वेंट स्कूल में हम बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उनके संपूर्ण व्यक्तित्व विकास पर विशेष बल देते हैं। हमारा प्रयास है कि बच्चों में सहानुभूति, उदारता, दया, सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी जैसे मानवीय मूल्यों का समावेश हो। इस कार्य में हमें माताओं का निरंतर सहयोग प्राप्त होता है, जिसके लिए हम हृदय से आभारी हैं। माँ ही बच्चे की प्रथम शिक्षिका होती है। माताओं के योगदान के बिना किसी भी बच्चे को संपूर्ण रूप से शिक्षित एवं एक जिम्मेदार नागरिक बनाना संभव नहीं है। इस अवसर पर माताओं का सम्मान और आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा उनकी माताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक पल्लव शाह ने सभी आगंतुकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के संस्कार-निर्माण एवं पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने वाले कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। उप प्रधानाचार्य गीता जोशी द्वारा वोट ऑफ थैंक्स दिया गया। कार्यक्रम में दीपा कड़ायत, कंचन, रीता बेलवाल, बबीता नेगी, रिदिमा भारद्वाज, चित्रा पटवाल, कन्नू दर्मवाल सहित समस्त शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में माताएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अत्यंत गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



