हल्द्वानी में रेडिमेड कपड़ों की दुकान में बेच रहे थे चरस, एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

ख़बर शेयर करें

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

हल्द्वानी की मशहूर मटरगली में कपड़े की दुकान में काम करने वाला युवक चरस के साथ पकड़ा गया है। पुलिस और एसओजी की टीम ने दुकान में काम करने वाले युवक को भारी मात्रा में चरस और हजारों रुपये के साथ गिरफ्तार किया है। तस्करी का मुख्य आरोपी दुकान मालिक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। गांधीनगर निवासी नरेश पासवान की मटरगली में एंजल कलेक्शन के नाम से कपड़ों की दुकान है। पुलिस को खबर मिली थी कि कपड़ों के व्यापार की आड़ में आरोपी चरस का कारोबार कर रहा है। पुख्ता खबर पर मंगलपड़ाव पुलिस और एसओजी ने बुधवार को दुकान में छापेमारी कर दी। दुकान के बाहर से पुलिस ने दुकान में ही काम करने वाले गांधीनगर निवासी कालू चौहान पुत्र रमेश चौहान को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर टीम ने दुकान के बाहर शेरवानी और कोट के स्टैंड के पीछे रखे बैग से 764 ग्राम चरस और 35,550 रुपये बरामद किए। उसने पुलिस को बताया कि चरस उसे नरेश लाकर देता था, जिसे वह छोटी-छोटी गोलियां बनाकर बेच देता था। घटना के बाद से चरस के धंधे का मुख्य आरोपी दुकान मालिक फरार है। पूछताछ में पुलिस को चरस बेचने वाले कुछ और लोगों के नाम मिले हैं। टीम में मंगलपड़ाव चौकी प्रभारी दिनेश चंद्र जोशी, एसओजी प्रभारी संजीत राठौर, हेड कांस्टेबल हेमंत सिंह, कांस्टेबल चंदन सिंह, राजेश बिष्ट, भूपाल सिंह शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *