कोटाबाग में भाजपा नेता के पुत्र ने जान दी, पुलिस कांस्टेबल पर पिटाई का लगा है आरोप, चौकी पहुंचे गुस्साए ग्रामीण, देखें वीडियो

समाचार शगुन हल्द्वानी उत्तराखंड 

नैनीताल जिले के कोटाबाग में भाजपा नेता के पुत्र ने जहर खाकर जान दे दी। आरोप है कि स्थानीय पुलिस चौकी के कांस्टेबल की पिटाई से क्षुब्ध होकर युवक ने यह कदम उठाया है। इस मामले में कालाढूंगी थाना पुलिस ने मारपीट की बात से इंकार किया है। जानकारी के अनुसार सयात गांव निवासी व भाजपा नेता व‌ पूर्व बीडीसी मेंबर विशन नगरकोटी के पुत्र कमल नगरकोटी (31) ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसका पता चलने पर‌ परिजन उसे लेकर हल्द्वानी के बेस अस्पताल पहुंचे जहां हालत गंभीर होने पर सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। भाजपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य व‌ पूर्व मंडल महामंत्री विशन नगरकोटी ने बताया कि 27 जून शुक्रवार की दोपहर कमल बाइक से जा रहा था तभी चौकी के एक कांस्टेबल ने उसे रोक लिया। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सीज कर दी और उसे थप्पड़ मारने के साथ ही अभद्रता की, यह बात उसे चुभ गई। उसने जहर खाने से पहले अपनी मां को फोन पर मामले की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि कमल उनके साथ ही ठेकेदारी का काम करता था। उसकी एक साल पहले ही शादी हुई थी।  नगरकोटी ने बताया कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर सौंपी जाएगी। इधर सुशीला तिवारी अस्पताल की इमरजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार कमल को रात 10 बजे के बाद लाया गया था, यहां पहुंचने से पहले उसने दम तोड़ दिया। इधर‌ पता चला है कि शनिवार की सुबह मामले से गुस्साए लोगों का कोटाबाग पुलिस चौकी में जमावड़ा लग गया है।